आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अभूतपर्वू सफलता हासिल की है। पार्टी ने 70 सदस्यों वाले सदन में 67 सीटें जीती हैं, जबकि भाजपा तीन सीटों के साथ हाशिये पर चली गई है। कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो गया है।
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली प्रतिष्ठित सीट से विजयी हुए हैं। उन्होंने भाजपा की नुपुर शर्मा को लगभग 32 हजार वोटों से हराया। भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी भाजपा की गढ कृष्णानगर में आम आदमी पार्टी के एस.के. बग्गा से करीब दो हजार तीन सौ वोटों के अंतर से हार गई हैं। कांग्रेस के प्रचार अभियान के प्रभारी अजय माकन भी सदर बाजार क्षेत्र से हार गए हैं। इस क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के सोमदत्त ने भाजपा के प्रवीण जैन को 33 हजार से अधिक वोटों से हराया। श्री माकन तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा नेता जगदीश मुखी को आम आदमी पार्टी के राजेश ऋषि ने 25 हजार पांच सौ से अधिक वोटों से हराया।