मध्यप्रदेश बनेगा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में नंबर एक

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश को इज ऑफ डूइंग बिजनेस में नंबर एक बनाया जायेगा। प्रदेश में उद्योग-व्यापार को बढ़ाने नियम, कानून और प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया जायेगा। अनावश्यक अनुमतियाँ समाप्त की जायेंगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ प्रशासन अकादमी में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विषयक कार्यशाला के उदघाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास दर में देश के सभी बड़े राज्यों की तुलना में प्रथम स्थान पर है। प्रति व्यक्ति आय वृद्धि की दर भी देश में सबसे ज्यादा मध्यप्रदेश में है। कृषि के क्षेत्र में प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रदेश की कृषि विकास दर देश में ही नहीं दुनिया में सर्वाधिक है। अब खेती के साथ हमारा ध्यान उद्योगों में निवेश बढ़ाने पर है। प्रदेश की समृद्धि के लिये औद्योगिक विकास आवश्यक है। पिछले दिनों इन्दौर में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बेहतर परिणाम मिले हैं। मध्यप्रदेश देश और दुनिया में इन्वेस्टमेंट के सबसे अच्छे डेस्टिनेशन के रूप में उभरा है। प्रदेश में उद्योग जगत का विश्वास बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के लिये सिंगल डोर पालिसी लागू की गयी है। प्रक्रियाओं का सरलीकरण और श्रम कानूनों में सुधार किया गया है। प्रदेश में स्व-घोषणा की व्यवस्था भी लागू की गयी है। बाबजूद इसके अभी सुधार की बड़ी गुंजाइश है। प्रति सोमवार को उद्योगपतियों से भेंट के दौरान कई ऐसे मसले, समस्याएँ सामने आती हैं जिनका निराकरण सरलता से प्रशासनिक स्तर पर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रदेश में आने वाले निवेशकों पर विश्वास रखकर कार्रवाई करे। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में दूसरे देशों और प्रदेशों में जो बेहतर हो रहा है उसे सीखें और प्रदेश में लागू करें। पूरी गंभीरता से सर्वश्रेष्ठ प्रयास करें। यह कार्यशाला इस दिशा में अनूठा प्रयोग साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *