आम आदमी भी उद्योग लगा सके ऐसा वातावरण बनाना होगा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में आम आदमी भी उद्योग लगा सके ऐसा वातावरण बनाना है। उन्होंने कहा कि कार्य करने का माहौल बदलना होगा। उद्योग लगाना प्रदेश की सेवा है।

इस सोच के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। श्री चौहान आज प्रशासन अकादमी में सहजता से व्यवसाय (ईज ऑफ डू़इंग बिजनेस) कार्यशाला का समापन कर रहे थे।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, कृषक कल्याण और कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, मुख्य सचिव श्री अंटोनी डि सा, महानिदेशक प्रशासन अकादमी श्री इन्द्रनील शंकर दाणी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि और उद्योगों से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने व्यवसाय के अनुकूल देशों की सूची में भारत को 50वें नम्बर पर लाने का संकल्प लिया है। उनके संकल्प को पूरा करने में मध्यप्रदेश देश का अव्वल राज्य बने इसी उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इन प्रयासों की निरंतरता जारी रहेगी। प्रति वर्ष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में उद्योग प्रतिनिधियों और उद्योगों से संबंधित 17 विभाग के द्वारा सहजता से व्यवसाय के लिए चिंतन-मनन किया गया। प्राप्त सुझावों में से अंतर्विभागीय विषयों पर भी शीघ्र ही निर्णय किया जाएगा। अधिनियमों में संशोधन और केन्द्र सरकार की अनुमति से संबंधित प्रस्तावों पर भी विधिवत प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्राप्त 51 सुझाव को तत्काल लागू करने का निर्णय लिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *