आम आदमी पार्टी ने श्री योगेन्द्र यादव और प्रशांत भूषण को राजनीतिक कार्य समिति से हटा दिया है। आज शाम नई दिल्ली में पार्टी की 21 सदस्यों की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय संयोजक
के पद से श्री अरविन्द केजरीवाल का त्याग पत्र अस्वीकार कर दिया गया है। श्री यादव को पार्टी प्रवक्ता पद से भी हटा दिया गया है। पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने बताया कि श्री भूषण और श्री यादव को पार्टी में नई जिम्मेदारियां दी जायेंगी।
पार्टी ने यह प्रस्ताव पास किया कि पार्टी के दो वरिष्ठ साथी श्री योगन्द्र यादव जी श्री प्रशांत भूषण जी उन्हें पीएसी की जिम्मेदारियों से मुक्त करके नई जिम्मेदारियां दी जाये। यह संकल्प पार्टी ने लिया कि पूरा संगठन हरेक व्यक्ति साथ है। किसी व्यक्तिगत मतभेद के कारण कोई एक दूसरे से अलग नहीं है।
इससे पहले श्री योगेन्द्र यादव और श्री प्रशांत भूषण ने पार्टी प्रमुख अरविन्द केजरीवाल की कार्यशैली पर सवाल उठाये थे और आरोप लगाया था कि पार्टी एक व्यक्ति पर केन्द्रित हो गई है। बताया जाता है कि बैठक में श्री यादव की इस बात के लिए भी आलोचना हुई कि उन्होंने एक पत्रकार को जानकारी लीक की, जिसे अगले दिन एक राष्ट्रीय दैनिक में छापा गया।
बैठक के बाद श्री योगेन्द्र यादव ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी जो भी फैसला लेगी और जो भी जिम्मेदारी उन्हें दी जायेगी वे अनुशासित कार्यकर्ता की तरह उसका निर्वाह करेंगे।
मैं पार्टी के एक अनुशासिक कार्यकर्ता तरह पार्टी मुझे जो आदेश देगी, जो भूमिका देगी वो मैं पूरी तरह से नि भाने की कोशिश करूंगा।