लोकसभा में विपक्षी दलों ने पश्चिम बंगाल में एक नन के साथ सामुहिक दुष्कर्म और हरियाणा में एक गिरिजाघर में तोड़फोड़ की घटना के मुद्दे पर हंगामा किया।
संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडु ने घटनाओं की निंदा की और कहा कि कानून और व्यवस्था राज्य का विषय हैं और विपक्ष को इससे राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
इससे पहले, कांग्रेस के गौरव गोगोई ने इस प्रकार की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द और शांति बनाए रखना केन्द्र सरकार का कर्तव्य है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के मोहम्मद सलीम ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की और समाज विरोधी तत्वों पर काबू पाने में विफलता के लिए राज्य सरकार की आलोचना की।
भारतीय जनता पार्टी के एस एस अहलुवालिया ने घटना को शर्मनाक बताते हुए पीडि़तों को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने ममता बैनर्जी सरकार को बर्खास्त करने की भी मांग की। राज्य सरकार का बचाव करते हुए तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय ने कहा कि सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और मुख्यमंत्री ने पीडि़तों को पूरा संरक्षण देने का आश्वासन दिया है।