मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी जिला कलेक्टरों को ओला वृष्टि और असमय वर्षा से प्रभावित फसलों के नुकसान का सर्वे हर हालत में 5 अप्रैल तक पूरा करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने सर्वे सूची आवश्यक रूप से पंचायत भवन में चिपकाने
और किसानों के दावे आपत्तियों का निराकरण तत्काल प्रभाव से करने के भी निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री आज मंत्रालय में वीडियो कांन्फ्रेसिंग के माध्यम से संभागायुक्तों और आपदा प्रभावित जिलों के कलेक्टरों से फसलों के नुकसान तथा आकलन सर्वेक्षण की जनभागीदारी आधारित प्रक्रिया और गेहूँ खरीदी की व्यवस्था के संबंध में चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने जिलेवार कलेक्टरों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने ओला प्रभावित क्षेत्रों में अपने दौरे के समय किसानों द्वारा बतायी गयी समस्याओं के निराकरण के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वे पुन: गाँवों का दौरा करेंगे।