विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आज बच्चों का टीकाकरण कर उनका जीवन बचाने के मिशन इन्द्रधनुष की प्रदेशव्यापी शुरूआत विदिशा जिले से की गई। मिशन इन्द्रधनुष एक-एक सप्ताह के चरण में संचालित किया जाएगा। इसमें दो वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को जानलेवा
बीमारियों से बचाने के लिए टीके लगाए जाएंगे। अभियान का दूसरा चरण सात मई, तीसरा चरण सात जून और चौथा चरण सात जुलाई से प्रारंभ होकर अगले सात दिन तक चलेगा। डिप्थीरिया, काली खाँसी, टेटनस, पोलियो, टीबी, खसरा और हेपेटाइटिस बी जैसे रोगों से जीवन को बचाने वाले इन टीकों के संबंध में भ्रांतियों को दूर करने का कार्य भी प्रदेश में अभियान के स्तर पर चलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मिश्रा ने विदिशा में मिशन की शुरूआत करते हुए प्रतीक स्वरूप पाँच बच्चों को टीकाकरण कार्ड वितरित किए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकारी अस्पताल में निःशुल्क दवाओं, जाँचों, पौष्टिक भोजन और परिवहन व्यवस्था का लाभ रोगियों को प्राप्त हो रहा है। प्रदेश में हालांकि टीकाकरण के राष्ट्रीय औसत 65 प्रतिशत के मुकाबले में टीकाकरण का प्रतिशत 66.4 है। अब इस अभियान से 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की रणनीति बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जन-प्रतिनिधियों के सहयोग से इस लक्ष्य को हासिल करने में निश्चित ही सफलता मिलेगी।