पंजाब सैक्‍टर के अटारी में सीमा पार से गोलीबारी में सीमा सुरक्षाबल के तीन जवान घायल।

सीमा सुरक्षा बल के तीन जवान कल देर रात सीमा पार से गोलीबारी में घायल हो गये। पाकिस्‍तान की सीमा से लगे अमृतसर सैक्‍टर में सीमावर्ती डाउकी चौकी में ये जवान गश्‍त कर रहे थे। बी एस एफ के जवानों ने भी जवाबी गोलीबारी की। पंजाब सेक्‍टर में पिछले कुछ दिनों में सीमापार से गोलीबारी की यह पहली ऐसी घटना है जिसमें जवान घायल हुए है। । बी एस एफ, कमांडेंट स्‍तर पर पाकिस्‍तानी रेंजर्स से अपना विरोध दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।

बीएसएफ के इंस्‍पैक्‍टर जनरल पालीवाल ने बताया कि कुछ पाकिस्‍तानी स्‍मगलर्स जो रात में सीमा पर लगी बाड़ के नजदीक भारत के खिलाफ किसी काम को अंजाम देने की फिराक में छुपे हुए थे उन्‍होंने जवानों को आता देख उनपर फायरिंग कर दी। पेट्रोलिंग पार्टी का वाहन चालक खुद जख्‍मी होने के बावजूद जल्‍द ही जवानों को खतरे के क्षेत्र से बाहर ले गया। यह वही क्षेत्र है जिसके नजदीक पड़ती रत्‍नखुर्द, माजमियान नाम की चौकियों पर बीएसएफ द्वारा पिछले महीने तीन पाकिस्‍तानी स्‍मगलर्स मार गिराए गए थे। उनके पास से करोड़ो रूपये की छत्‍तीस किलोग्राम हेरोइन और कारतूसों सहित एक ए के 47 राइफल भी बरामद की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *