उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। दिल्ली में कल तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। समूचा राजस्थान लू की चपेट में है
राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। कल धौलपुर में सबसे अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा और चूरू में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ते पारे और तेज गर्मी से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों का निर्वाध रूप से बाहर निकलना दुश्कर बना दिया है। मोटरसाइकिलों और स्कूटरों पर चलने वाले अधिकांश लोग हेलमेट लगाए या फिर अपने चेहरों को कपड़े से ढके नजर आते हैं ताकि खुद को लू की चपेट से बचा सकें। गर्मी की बढ़ती शिद्दत के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि सरकार का दावा है कि पिछले वर्षों की अपेक्षा, इस बार बिजली आपूर्ति की स्थिति अच्छी रहेगी।