रॉबर्ट वाड्रा के सौदों की जांच के लिए सेवानिवृत्‍त न्‍यायाधीश एस एन ढींगरा की अध्‍यक्षता में एक आयोग गठित

हरियाणा सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान जमीन के सौदों विशेषकर रॉबर्ट वाड्रा के सौदों की जांच के लिए दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय के सेवानिवृत्‍त न्‍यायाधीश एस एन ढींगरा की अध्‍यक्षता में एक आयोग गठित किया है। आयोग जमीन सौदों से जुड़े कई मुद्दों की जांच करेगा। जांच आयोग केवल स्‍काईलाइट हॉस्पिटैलिटी को कर्मशियल लाइसेंस दिए जाने की जांच नहीं करेगा बल्कि गुड़गांव के सेक्टर 83 में अन्य कई कंपनियों को दिए कमर्शियल लाइसेंसों की वैधता की जांच भी करेगा। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया है कि आयोग भूमि स्थानांतरण लाइसेंस जारी करने, निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने, लाभार्थियों की योग्यता और अन्य सभी जुड़े हुए मुद्दों की जांच करेगा। आयोग ये सुझाव भी देगा कि सरकारी खजाने को हुए नुकसान की पूर्ति और न्याय के लिए क्या कदम उठाए जाएं। काबिलेगौर है कि हरियाणा में भूमि सौदों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने इसे बीते वर्ष हुए चुनाव में मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *