केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आतंकवाद से निपटने में पाकिस्तान को सक्रिय सहयोग देना चाहिए क्योंकि वह स्वयं भी इस संकट का सामना कर रहा है। वे आज लखनऊ में भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों के सम्मेलन में बोल रहे थे। आतंकवाद को केवल आतंकवादियों के जरिये निष्प्रभावी करने के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के बयान के बारे में पाकिस्तान की टिप्पणी पर गृहमंत्री ने कहा कि पूरा विश्व जानता है कि आतंकवाद को कौन बढ़ावा दे रहा है। श्री सिंह ने कहा कि भारत आतंकवाद के खात्मे के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है और पाकिस्तान को भी इसमें सहयोग देना चाहिए। यह आतंकवाद को रोकने में वो पूरी तरह से मदद करें क्योंकि आज पाकिस्तान को भी आज उसी आतंकवाद के संकट से गुजरना पड़ रहा है। इससे पहले, श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एन डी ए सरकार की सफलता के कारण कांग्रेस में निराशा है। उन्होंने कहा कि जन-धन योजना को भारी सफलता मिल रही है और इसे गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री बीमा योजना भी सफलता के चरम पर पहुंचेगी। श्री सिंह ने कहा कि देश 2019 तक सकल घरेलू उत्पाद में 10 प्रतिशत वृद्धि दर हासिल कर लेगा।