विश्व-स्तरीय कम्पोजिट लॉजिस्टिक हब की होगी शुरूआत

कृषि महोत्सव में किसानों के कल्याण के लिये एक महत्वपूर्ण शुरूआत पवारखेड़ा जिला होशंगाबाद से हो रही है। यहाँ 30 मई को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान विश्व-स्तरीय सुविधाओं से युक्त कम्पोजिट लॉजिस्टिक हब का लोकार्पण करेंगे।

इससे लगभग 3000 लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा और 100 किलोमीटर की परिधि में आने वाला कृषि उद्योग लाभान्वित होगा। पवारखेड़ा में निजी क्षेत्र के सहयोग से मध्यप्रदेश सरकार ने लॉजिस्टिक हब बनाने का निर्णय लिया था। इस संबंध में 24 सितम्बर, 2011 को मध्यप्रदेश सरकार और केसर मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक लिमिटेड के बीच एमओयू हुआ था। इस हब का भूमि-पूजन 24 सितम्बर, 2012 को हुआ। यह परियोजना 210 करोड़ लागत की है। इसके प्रथम चरण में 120 करोड़ का व्यय हुआ है। इससे मण्डी बोर्ड को प्रतिवर्ष 12 करोड़ 70 लाख की रॉयल्टी प्राप्त होगी।

पवारखेड़ा में मेसर्स केसर मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक लिमिटेड द्वारा 138.50 करोड़ के निवेश से हब तैयार किया है। इसमें कार्गो एवं कन्टेनर मूवमेंट के लिये इनलेण्ड कन्टेनर डिपो, रेलवे टर्मिनल एवं कोल्ड-चेन के लिये भण्डारण, प्रसंस्करण एवं कोल्ड-स्टोरेज संचालित किया जायेगा। इसमें विभिन्न प्रकार के वेयर-हाउस, कृषि उद्योग, मूल्य संवर्धन सेवाएँ और ट्रक टर्मिनल भी संचालित होंगे। लगभग 88 एकड़ भूमि पर निजी भागीदारी के साथ बनाये जा रहे इस हब में फल, सब्जी और बागवानी फसलों का व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को 40 हजार क्विंटल कोल्ड-स्टोरेज की सुविधा मिलेगी। किसान हाई क्वालिटी के सोयाबीन और धान बीज भी सुरक्षित रख सकेंगे। लॉजिस्टिक हब में कृषि उपज की ट्रांसपोर्टिंग के अलावा इसका बड़ा उपयोग फूड प्रोसेसिंग के लिये होगा। हब में 25 एकड़ में आटा, मैदा, दाल और आलूचिप्स की उत्पादन इकाइयाँ खोली जायेंगी। इन उत्पाद का हब में सुरक्षित भण्डारण भी किया जा सकेगा। हब को राष्ट्रीय मानक के रूप में विकसित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *