भीमबेठिका और पन्ना की कला अब वस्त्रों पर भी दिखेगी। कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री सुश्री कुसुम महदेले ने यह बात भीमबेठिका और पन्ना के भित्ति चित्रों पर आधारित वस्त्र प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए कही। प्रदर्शनी मृगनयनी एम्पोरियम बिट्टन मार्केट में लगायी गयी है।
पन्ना क्षेत्र के शैलाश्रयों में बने शैल-चित्र प्रारंभिक पाषाण एवं मध्य पाषाण-युग की कला को दर्शाते हैं। इन चित्रों में ज्यामितीय रूपांकन का इस्तेमाल किया गया है। लहराती रेखाएँ, त्रिकोणीय पँखुड़ियों के साथ फूल और छोटे गोलाकार फूलों के समूह अंकित हैं। भीमबेठिका वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। यहाँ की पेन्टिंग्स लगभग 30 हजार वर्ष पुरानी हैं, लेकिन इनमें से कुछ ज्यामितीय चित्र मध्य काल के भी हैं। इन चित्रों को वस्त्रों में उकेरा गया है।
सुश्री महदेले ने भित्ति चित्रों पर आधारित बनाये गये सलवार सूट, साड़ी और लेडीज पर्स का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इनकी बेहतर मार्केटिंग की जाये।