मौसम विभाग का अनुमान है कि असम, मेघालय, उप-हिमालियाई पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरूणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षाहो सकती है। नगालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भी आज भारी वर्षा होने का अनुमान है। असम में मूसलाधार बारिश के कारण 15 जिलों के 700 से ज्यादा गांवों में पानी भर गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अगले 24 से 48 घंटों में राज्य के करीम गंज, धुबरी और शिबसागर जिलों के कई हिस्सों में बाढ़ संबंधी अलर्ट जारी किया है।
नेमतीघाट और धुबरी में ब्रह्मपुत्र खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बारपेटा जिले में ही करीब 200 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। जिला प्रशासन ने 6 अस्थायी राहत शिविर लगाये हैं और खाने-पीने की ज़रूरी चीजें मुहैया करायी जा रही हैं।