आजादी के 6 दशक बाद बिजली से रोशन हुए रायसेन के दो टोले

रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज विकासखण्ड के जावरा गाँव के बागवनी और मलखार टोले में कुछ अलग ही माहौल है। यह माहौल है उत्साह और खुशी का। गाँव में यह माहौल बना है 11 के.व्ही. लाइन के 63 के.व्ही.ए. क्षमता के वितरण ट्रांसफार्मर के लोकार्पण से।

आजादी के छह दशक बाद भी यह दोनों टोले बिजली से महरूम थे। क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के पर्यटन राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा की जानकारी में जब यह बात आई तो उन्होंने इस दिशा में प्रयास किये। प्रयास रंग भी लाये और 19 लाख की लागत का ट्रांसफार्मर स्थापित हो गया। इसके बाद आदिवासी बहुल इन टोलों के 71 परिवारों के घरों में पहली बार बिजली पहुँची। आदिम-जाति कल्याण विभाग द्वारा उपलब्ध करवायी गयी राशि से यह काम हुआ।

ग्राम जावरा के टोला बागवनी निवासी प्रेम सिंह, जीत सिंह, करण सिंह, गयाराम, टोला मलखार के सुरेश, श्रीमती रामबाई, मांगीलाल ने बिजली के आने को किसी सपने के साकार होने जैसा बताया। केरोसिन वाले दिया और लालटेन की रोशनी से गुजर-बसर के बाद अब बिजली आने से उनकी तकलीफें कम हो गयी हैं। इन दोनों टोलों के पढ़ने वाले बच्चे भी खुश नजर आने लगे हैं। वे भी अब देर रात आसानी से पढ़ाई कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *