मध्यप्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र आज राजधानी भोपाल में शुरू हुआ। पिछले विधानसभा सत्र के बाद दिवंगत हुए सांसद, विधायक सहित अन्य नेताओं को सदन ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गयी। मानसून सत्र के पहले ही दिन सदन में व्यापम घोटाले की गूंज सुनाई दी। नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे ने व्यापम घोटाले के दौरान संदिग्ध रूप से मृत पत्रकार अक्षय सिंह, मेडिकल छात्रा नमृता डामोर और अन्य लोगों को श्रृंद्धाजंलि देने का प्रयास किया, जिस पर मान्य परम्पराओं का हवाला देते हुए संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आपत्ति जताई। बारह दिवसीय मानसून सत्र के दौरान सदन की कुल दस बैठके होंगी। वहीं राज्य सरकार मौजूदा वित्त वर्ष के लिए अपना पहला अनुपूरक बजट लाएगी।