सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा है कि सरकार पाकिस्तान में रह रहे आतंकवादी दाऊद इब्राहीम और हाफ़िज़ सईद को बेअसर करने के लिए विशेष अभियान सहित हर संभव उपाय करेगी। दिल्ली में एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में श्री राठौड़ ने कहा कि भारत अपने दुश्मनों से निपटने के लिए हमेशा तैयार है।
हिन्दुस्तान के दुश्मन चाहे कहीं भी बैठा हो इस गलतफहमी में न रहे कि हिन्दुस्तान उनके खिलाफ कुछ सोच नहीं रहा है। हम हर वक्त अपने दुश्मन को न्यूट्रलाईज करने के लिए तैयार रहते हैं।
दाऊद इब्राहीम के पाकिस्तान में होने के सबूत के तौर पर डोजियर तैयार किये जाने के मुद्दे पर श्री राठौड़ ने कहा कि भारत ने केवल डोजियर ही तैयार नहीं की है बल्कि वह अन्य विकल्पों का इस्तेमाल करने के लिए भी तैयार है। श्री राठौड़ ने यह भी कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पाकिस्तान के साथ बातचीत केवल आतंकवाद खत्म होने पर ही हो सकती है।
भारत सरकार अब बिल्कुल स्पष्ट कहती है कि टेरर एंड टॉक्स साथ–साथ नहीं चलेंगे। टेरर ऑन टॉक्स हो सकते हैं लेकिन टेरर विथ टॉक्स नहीं हो सकते। हम बातचीत करेंगे लेकिन सिर्फ आतंकवाद के ऊपर बात करेंगे और जब वो बातचीत हो जाएगी उसके बाद हम दुसरे मुद्दों पर आएंगे।