मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के 38वें तथा इंदौर संभाग के 6वें जिले बड़वानी में 24 घंटे बिजली की शुरूआत आज सेंधवा में की। उन्होंने कहा कि अटल ज्योति अभियान अंतर्गत 24 घंटे बिजली प्रदाय से नागरिकों के घरों में न केवल खुशहाली आयेगी, बल्कि कृषि, आर्थिक विकास तथा संचार उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में वृद्धि, रोजगार के ज्यादा अवसर पैदा होने के साथ ही जीवन-स्तर में सुधार होगा।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 31 करोड़ 91 लाख से अधिक के 16 कार्य का लोकार्पण तथा 5 कार्य का भूमि-पूजन किया। साथ ही मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 1151 जोड़ों का विवाह भी गायत्री विवाह पद्धति से करवाया गया।