महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की है कि पदोन्नति के साथ तबादले के बावजूद राकेश मारिया शीना बोरा हत्या मामले की जांच का नेतृत्व करते रहेंगे। राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पी बक्शी ने कहा कि जांच का काम पूरा होने तक श्री मारिया जांच का नतृत्व करते रहेंगे। आज इससे पहले राज्य सरकार ने मुम्बई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया को पदोन्नति देकर महानिदेशक, होमगार्ड के पद पर नियुक्त किया तथा उनके स्थान पर अहमद जावेद को तत्काल प्रभाव से पुलिस आयुक्त नियुक्त किया।
उधर, मुम्बई की एक अदालत ने आज शीना बोरा हत्या मामले के आरोपी संजीव खन्ना को21 सितम्बर तक न्यायायिक हिरासत में भेज दिया। उसकी पुलिस हिरासत कल समाप्त हो गयी थी लेकिन पुलिस उसे अदालत में पेश नहीं कर सकी थी क्योंकि उसे कोलकाता ले जाया गया था।