हार्दिक पटेल को हिरासत में लेने के बाद पूरे राज्‍य में मोबाइल इंटरनेट सेवायें स्‍थगित।

गुजरात सरकार ने पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के संयोजक हार्दिक पटेल को हिरासत में लिये जाने के मद्देनजर मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। कानून और व्‍यवस्‍था बनाये रखने तथा अफवाहें फैलने से रोकने के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर पूरे राज्‍य में प्रतिबंध लगा दिया गया है।

पटेल नेता की हिरासत के तुरंत बाद सूरत और नवसारी जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध लगाया गया था। राजकोट और सौराष्‍ट्र के कुछ अन्‍य शहरों में यह सेवा एक हफ्ते तक बंद कर दी गई है जबकि अहमदाबाद में मोबाइल इंटरनेट सेवा 24 घंटे बंद रहेगी। मेसारा जिले में कुछ स्‍थानों पर भीड़ द्वारा यातायात को रोकने का प्रयास किया गया था।  राज्‍य परिवहन निगम की बस सेवा कुछ मार्गों पर ऐहतिहात के तौर पर बंद कर दी गई है। हालांकि राज्‍य के किसी भी हिस्‍से से कोई अप्रि‍य घटना की खबर नहीं है।

गुजरात पुलिस ने हार्दिक पटेल को उनके 35 समर्थकों के साथ आज सुबह सूरत में उस समय गिरफ्तार कर लिया जब  प्रशासन की अनुमति के बगैर एकता यात्रा निकालने की तैयारी की जा रही थी।

सौराष्‍ट्र तथा दक्षिण और उत्‍तरी गुजरात में कई जि़लाधिकारियों ने निषेधाज्ञा लागू कर दी है।हार्दिक पटेल की हिरासत के मद्देनजर राज्‍य में कानून और व्‍यवस्‍था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए मुख्‍यमंत्री आनंदी बेन पटेल ने गांधी नगर में अपने आवास पर मंत्रिमंडल के वरिष्‍ठ सहयोगियों की आपात बैठक बुलाई है। इस बीच, राज्‍य के कई स्‍थानों से पथराव और सड़क पर अवरोध खड़ा करने की खबर आई है। सौराष्‍ट्र क्षेत्र के कई शहरों और गांव में बंद का आयोजन किया गया है। राज्‍य परिवहन की सेवाओं पर बंद के कारण असर पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *