जनसम्पर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है रीवा की लक्ष्मण बाग गौ-शाला में गौ-वंश संरक्षण-संवर्धन के साथ-साथ अब दुग्ध उत्पादन एवं उन्नत नस्ल की गायों की गौ-पालकों को बिक्री की जायेगी। श्री शुक्ल आज रीवा में आचार्य विद्यासागर गौ-संरक्षण एवं संवर्धन शेड का लोकार्पण कर रहे थे।
श्री शुक्ल ने कहा कि पहले इस गौ-शाला को असहाय एवं बेसहारा गायों के संरक्षण के लिये स्थापित किया गया था। अब इसमें समर्पित लोगों के जुड़ जाने से दुग्ध उत्पादन तो होगा ही साथ ही उन्नत नस्ल की गायें किसानों को विक्रय की जायेंगी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि जैन समाज भी अब इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़ कर अपनी सहभागिता निभा रहा है।
श्री शुक्ल ने कहा कि सहकारी समिति दुग्ध उत्पादन तथा गाय विक्रय का कार्य कर इसके आर्थिक स्रोत को और सशक्त बनायेगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही बसामन मामा में गौ-अभयारण्य भी बनाया जायेगा। महापौर श्रीमती ममता गुप्ता ने भी संबोधित किया।
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति श्री ब्रजकिशोर कुठियाला ने गौ-सेवा को भावनात्मक के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जोड़ने की बात कही।
संग्रहालय का भूमि-पूजन
लक्ष्मण बाग स्थित जिस बापू भवन में राष्ट्र पिता महात्मा गाँधी की अस्थियाँ रखी गयी थी वहाँ स्मृति संग्रहालय बनेगा। साथ ही परिसर में अन्य विकास कार्य भी होंगे। जनसम्पर्क मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा में चालीस लाख रूपये के कार्य का भूमि-पूजन किया। श्री शुक्ल ने कहा कि बापू भवन में बापू की प्रतिमा लगायी जायेगी। भवन के परिसर में लॉन बनाया जायेगा और वहाँ भी राष्ट्रपिता की मूर्ति स्थापित होगी।