विन्ध्य क्षेत्र को बड़ी सौगात

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल का विन्ध्य परिसर शीघ्र ही रीवा में शुरू होगा। विश्वविद्यालय का यह पाँचवां परिसर होगा। इस संबंध में जनसंपर्क, ऊर्जा तथा खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज रीवा में बैठक ली।

मंत्री श्री शुक्ल ने विश्वविद्यालय को नियमानुसार भूमि हस्तान्तरित करने की प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र भवन का निर्माण शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि विन्ध्य परिसर के लिये यह स्थान सर्वाधिक उपयुक्त पाया गया है। यहाँ एजुकेशन हब की पूरी सम्भावनाएँ हैं। अन्य शैक्षणिक संस्थाएँ भी आस-पास और शहर के समीप हैं।

  • मीडिया एवं कम्प्यूटर के नवीन पाठ्यक्रम।

  • एक हजार छात्र-छात्राएँ करेंगे अध्ययन।

  • बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

  • केम्पस प्लेसमेन्ट भी होगा।

भवन निर्माण होने तक विन्ध्य परिसर, शिल्पी प्लाजा ब्लॉक-बी स्थित भवन में प्रारंभ होगा। जनवरी 2016 से दो कम्प्यूटर पाठ्यक्रम तथा जुलाई 2016 से नियमित मीडिया एवं कम्प्यूटर कोर्स शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। शिल्पी प्लाजा स्थित अस्थायी परिसर के लिये सभी जरूरी व्यवस्थाएँ जिला प्रशासन तथा विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयासों से पूर्ण की जायेगी। ऊर्जा मंत्री ने शिल्पी प्लाजा के शासकीय कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये।

बैठक में बताया गया कि विश्वविद्यालय के रीवा में विन्ध्य परिसर के लिये शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय के सामने पाँच एकड़ भूमि का चयन किया गया है। विन्ध्य परिसर में करीब एक हजार छात्र-छात्राएँ अध्ययन करेंगे, जिन्हें रोजगार के अवसर मिलेंगे। यहाँ केम्पस प्लेसमेन्ट भी आमंत्रित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *