सस्पेंड नहीं काम करवायेंगे

गृह एवं जेल मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने कहा कि सस्पेंड नहीं करेंगे-काम करवायेंगे। श्री गौर से सतनामी नगर के नागरिकों ने सफाई न होने पर वार्ड की सफाई के लिए जिम्मेदार नगर निगम के अधिकारी को निलंबित करने के लिए कहा।

श्री गौर ने कहा कि सफाई करवाई जाएगी। अधिकारी-कर्मचारियों से काम करवाया जाएगा। श्री गौर ने नगर निगम के अधिकारी को कहा कि सफाई व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए, जिन क्षेत्रों में सफाई कर्मचारी कम है वहाँ बढ़ाये जायें। लापरवाह कर्मचारियों को दंडित भी किया जाये। श्री गौर आज वार्ड 66, 67 और 68 गोविन्दपुरा क्षेत्र की बस्तियों का दौरा कर रहे थे।

श्री गौर ने शांतिनगर, नरेलाशंकरी में बिजली के देयकों की जाँच करवाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर जाँच की जाए और देखा जाए कि झुग्गी-झोपड़ी और छोटे-छोटे मकानों के उपभोक्ता को 30-40 हजार के बिल कैसे आ रहे हैं। इस गलती को दुरुस्त करवाया जाए। शांति नगर के मोहम्मद नासिर के यहाँ उन्होंने देखा कि झुग्गी में 02 सी.एफ.एल बल्ब जलाए जा रहे हैं और उन्हें बिजली विभाग से पैंतीस हजार एक सौ इकसठ रूपये का देयक मिला है। बिल नहीं देने पर कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इस पर मंत्री श्री गौर ने नाराजगी प्रकट की।

श्री गौर ने सतनामी नगर को रजत नगर से जोड़ने वाली रोड की डी.पी.आर बनाने को कहा। बीस वर्षों के इंतजार के बाद नाले की पुलिया बन सकी है। इसके एप्रोच रोड को भी जल्दी तैयार करवाया जाए। यह रोड बन जाने के बाद रजत नगर, लक्ष्मी नगर आदि के सतनामी नगर से जुड़ जाने पर कई कॉलोनियों के नागरिकों को अवागमन में 2 से 3 किलोमीटर की दूरी तय नहीं करना पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *