मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का नम्बर एक राज्य बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि पहले मध्यप्रदेश की गिनती बीमारू और पिछड़ा राज्य के रूप मे की जाती थी, लेकिन आज विकास के क्षेत्र में पूरे देश में सर्वोच्च विकास दर हासिल कर अग्रिम पंक्ति में आ गया है। मुख्यमंत्री आज सतना जिले के मैहर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर नव-निर्मित रेलवे ओव्हर ब्रिज के लोकार्पण कार्यक्रम एवं अन्त्योदय मेले को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने मैहर में बहु-प्रतिक्षित राष्ट्रीय राजमार्ग-7 मे रेलवे फाटक पर 11 करोड़ 5 लाख रूपये की लागत से नव-निर्मित रेलवे ओव्हर ब्रिज का लोर्कापण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में आई प्राकृतिक आपदा से मध्यप्रदेश ही नही बल्कि सभी प्रांतों के यात्रियों को संकट से निकालने में राज्य सरकार द्वारा भरपूर प्रयास किये गये है। इस दौरान 7 हजार लोग सुरक्षित आपदा से निकाल लिये गये है। उत्तराखण्ड की आपदा से प्रभावित सभी लोगो को सुरक्षित निकालकर विशेष विमान से भोपाल लाया गया।