विंध्य की पहचान और गौरव की हुई है ऐतिहासिक वापसी

वर्षों की लम्बी प्रतीक्षा के बाद आज विंध्यवासियों को सफेद शेरनी विंध्या के रूप में अपनी धरोहर वापस मिल गई। इस तरह विंध्य की पहचान और गौरव की आज ऐतिहासिक वापसी हो गई। धनतेरस के शुभ मुहूर्त में समारोहपूर्वक ऊर्जा, जनसम्पर्क एवं खनिज मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज विंध्यवासियों एवं अनेक जन-प्रतिनिधियों के साथ व्हाइट टाइगर सफारी एवं चिड़िया घर-सह-उपचार केन्द्र मुकुंदपुर में सफेद बाधिन के पहुँचने पर सफेद-शेरनी एवं अन्य वन्य प्राणियों की विधिवत पूर्जा-अर्चना के साथ अगवानी की।

विन्ध्यवासियों का वर्षों से संजोया हुआ सपना साकार

श्री शुक्ल ने कहा कि प्रसन्नता और गौरव का विषय है कि आज धनतेरस के पुनीत अवसर पर हम सब विन्ध्यवासियों का वर्षों से संजोया हुआ सपना साकार हो गया है। यह हमारी भावना और विरासत से जुड़ा विषय रहा है। उन्होंने कहा कि टाइगर सफारी के प्रारंभ हो जाने पर विंध्य में पर्यटन क्रांति आयेगी। इस क्षेत्र में व्यवसाय, रोजगार बढ़ेंगे। सुख- समृद्धि आएगी और लोगों के आर्थिक स्तर में बढ़ोत्तरी होगी।

जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि मुकुंदपुर का यह चिड़ियाघर विश्व का पहला व्हाइट टाइगर सफारी होगा जिसमें जू भी होगा और उपचार सेंटर भी रहेगा। उन्होंने कहा कि मुकुंदपुर आने वाले पर्यटकों को भी खुले में घूमते हुए टाइगर को देखने का आनंद मिलेगा जो अपने आप में अदभुत होगा। श्री शुक्ल ने अंचल को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि सफेद शेर के रीवा आने से पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने इस सौगात के लिये प्रधानमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्रियों के प्रति भी आभार प्रगट किया। सांसद श्री गणेश सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही मुकुंदपुर टूरिस्ट सर्क्रिट में शामिल हो जायेगा। विधायक सर्वश्री यादवेन्द्र सिंह, दिव्यराज सिंह, हर्ष सिंह तथा पूर्व विधायक श्री नारायण त्रिपाठी ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *