छतरपुर के चंदला में आईटीआई खुलेगी

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सूखे के कारण फसलों में हुए नुकसान से किसानों को मायूस होने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में किसानों को सूखा राहत राशि दी जा रही है। छतरपुर जिले को 216 करोड़ की सूखा राहत राशि दी गयी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज छतरपुर के लवकुशनगर तहसील के सिजई धाम आश्रम में नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहत राशि शीघ्र ही किसानों के बैंक खातों में भेज दी जायेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि सूखा राहत राशि 15 दिन में किसानों के खातों में पहुँचा दी जाये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सूखा से प्रभावित किसानों को एक रूपये किलो गेहूँ, चावल और नमक दिया जायेगा। उनसे ऋण की वसूली नहीं होगी। ऋण का एक साल का ब्याज सरकार द्वारा चुकाया जायेगा। प्रभावित किसानों की बेटियों की शादी में भी सहयोग किया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य शासन द्वारा महिलाओं को पुलिस एवं वन विभाग में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा। इसी तरह शिक्षा विभाग में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जायेगा। इसलिये लोग अपनी बेटियों को आगे बढ़ायें। प्रदेश में लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापित करने के लिये सरकार द्वारा युवाओं को ऋण दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने घोषणा की कि चंदला में आईटीआई खोली जायेगी। उन्होंने ग्राम मुडेरी में शासकीय माध्यमिक विद्यालय का हाई स्कूल में उन्नयन, ग्राम सिजई में एक और गौ-शाला खोलने और पशु चिकित्सालय स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगामी 5 दिसम्बर को भोपाल में अध्यापकों की समस्याओं के निराकरण के लिये महा पंचायत होगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान धर्मपत्नी और पुत्र के साथ सिजई धाम आश्रम पहुँचकर परमानन्द महाराज द्वारा नव-निर्मित मंदिर में भगवान शिवजी के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने साध्वी ऋतम्भरा द्वारा बनवाये गये समविद् गुरूकुलम् विद्यालय का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विधायक श्री आर.डी. प्रजापति, श्रीमती ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश प्रजापति और पूर्व मंत्री श्री रामकृष्ण कुसमरिया उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *