–जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा के निकट आज सुबह आतंकवादियों और सेना के बीच भारी गोलीबारी में चार लोग मारे गये और सेना का एक अधिकारी घायल हुघा मरने वालों में तीन आतंकवादी और एक नागरिक है।
सेना के एक प्रवक्ता ने आकाशवाणी को बताया कि सेना ने एक आत्मघाती हमले को नाकाम बनाया जिसमें तीन अज्ञात मिलिटेंट मारे गए। उन्होंने कहा कि तीनों मिलिटेंटो ने तंगधार सेक्टर में सेना शिविर में घुसने की कोशिश करते हुए अंधाधुंध गोलीबारी की, इससे एक नागरिक की मौत हो गयी। मारा गया नागरिक सैन्य इंजीनियरिंग सर्विस के साथ काम करता था। जैश-ए मोहम्मद नामी मिलिटेंट संगठन ने जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि इसके तीन सदस्यों ने हमला किया। इस वर्ष जुलाई में सेना ने केरन और तंगधार क्षेत्रों में घुसपैठ के दो प्रयासों को विफल किया, जिसमें पांच मिलिटेंट मारे गए थे और दो सैन्यकर्मी भी घायल हो गए थे।