श्री शिवराजसिंह चौहान के मुख्यमंत्री के रूप में आज दस वर्ष पूरे होने पर बधाइयाँ देने का सिलसिला आज सुबह से प्रारंभ होकर देर तक चलता रहा। सुबह विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को बधाई और शुभकामनाएँ दी।
दोपहर में इन्दौर प्रवास से लौटने के बाद स्टेट हेंगर पर स्वागत करने बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक पहुँचे। मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा ने स्टेट हेंगर पर मुख्यमंत्री को बधाई और शुभकामनाएँ दी। मुख्यमंत्री निवास पर बधाई और शुभकामनाएँ देने वालों का ताँता लगा रहा। बड़े, बुजुर्ग, बच्चे और बहनें सभी हाथों में गुलदस्ता और फूल मालाएँ लिये मु्ख्यमंत्री को शुभकामनाएँ और आशीर्वाद देने के लिये आतुर थे।
मुख्यमंत्री ने सभी का धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में मेहनत, लगन और सर्मपण की कमी नहीं आयेगी। प्रदेश दो-गुनी गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को कभी भी ठेस नहीं पहुँचने देंगे।
निवास पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुश्री कुसुम मेहदेले, सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद और श्री आलोक संजर, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा और श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री इकबाल सिंह बैंस और किराड़ और अन्य समाजों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएँ दी।
‘मोहि कहाँ बिश्राम’ का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी जीवन-यात्रा को दर्शाने वाली चित्रात्मक किताब ‘मोहि कहाँ बिश्राम’ का विमोचन किया। किताब को उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान और पुत्र श्री कार्तिकेय एवं श्री कुणाल ने तैयार किया है। किताब में श्रीमती साधना सिंह ने मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व के अनछुए पहलुओं और जीवन-यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों का उल्लेख किया है।
मुख्यमंत्री ने जी-टीवी की संगीत प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया। पहला पुरस्कार श्री गीत, दूसरा सुश्री इशिता और तीसरा सुश्री पारुल को दिया गया। मुख्यमंत्री ने ‘मोहि कहाँ बिश्राम’ के प्रकाशक श्री पुष्कर बाहेती, ऋषि-मुनि प्रकाशन उज्जैन को भी सम्मानित किया।