मध्यप्रदेश में वर्ष का आखिरी माह दिसंबर बिजली की मांग एवं सप्लाई के नित नए बनने वाले रिकार्ड के लिये याद रखा जाएगा। आज सुबह 9 बजे प्रदेश में बिजली की मांग 10 हजार 702 मेगावाट के शीर्ष स्तर पर पहुँच गई। यह प्रदेश के इतिहास में मांग का शीर्षस्थ स्तर है। पहली बार दिसंबर में लगातार 15 दिन से बिजली की मांग 10 हजार मेगावाट से ऊपर रही है। इस समय बिजली की मांग पिछले वर्ष की तुलना में पाँच दिन से 43 से 60 प्रतिशत तक बढ़ी है। पिछले वर्ष की तुलना में प्रदेश में बिजली सप्लाई में चार दिन से 46 से 58 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।
एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक श्री संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि रबी सीजन की सिंचाई के कारण प्रदेश में लगभग 15 दिन से बिजली की माँग 10 हजार मेगावाट से ऊपर दर्ज हो रही है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी क्षेत्र में सिंचाई पम्पों की अधिक संख्या होने से बिजली की मांग 4,200 मेगावाट के ऊपर दर्ज हो रही है। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में यह 2,700 मेगावाट और मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में 3,200 मेगावाट से ऊपर बिजली की खपत दर्ज हुई है।