अरुणाचल प्रदेश मुददे पर राज्‍यसभा की कार्यवाही में रुकावट।

राज्‍यसभा में इस मुद्दे पर हंगामे के कारण आज लगातार तीसरे दिन कोई काम नहीं हो सका। कांग्रेस सदस्‍यों ने अरूणाचल प्रदेश के राज्‍यपाल के मुद्दे पर बारबार स्‍थगन के लिए सदन को बाध्‍य किया। अंतिम बार  स्‍थगित होने के पहले सदन की बैठक तीन बार स्‍थगित की गई।

तीन बजे सदन की बैठक शुरू होते ही जनता दल यूनाइटेड के शरद यादव ने कहा कि दो दिन से सदन नहीं चल रहा है और सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आ रहा है। कांग्रेस के आनंद शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी पर पूर्वोत्‍तर राज्‍य में चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया। वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा ने आरोप लगाया कि अरूणाचल प्रदेश का राजनीतिक घटनाक्रम संविधान का खुला उल्‍लंघन है। भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के डी राजा ने कहा कि सदन को यह जानने का हक है कि अरूणाचल प्रदेश में क्‍या हो रहा है। उप सभापति पी जे कुरियन ने सदस्‍यों को बताया कि राज्‍यपाल पर चर्चा के बारे में दिया गया प्रस्‍ताव सभापति के विचाराधीन है।

यह मुद्दा लोकसभा में भी उठा। कांग्रेस सदस्‍य भोजनावकाश के पहले सदन के बीचोबीच खड़े रहे और नारेबाजी करते रहे। भोजनावकाश के बाद सदन में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कामकाज हुआ और कांग्रेस सदस्‍य सदन से उठकर बाहर चले गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *