केरल सरकार ने पुट्टिंगल देवी मंदिर में लगी आग की न्यायिक जांच कराने के आदेश दिये हैं। उच्च न्यायालय के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश की देखरेख में राज्य पुलिस की अपराध जांच शाखा यह जांच करेगी। पुलिस ने मंदिर में अनुमानित मात्रा से 10 गुना ज्यादा पटाखे रखने का मामला दर्ज किया है।
इस बीच, शनिवार की रात कोल्लम के पास पुट्टिंगल मंदिर में आतिशबाजी के दौरान हुए अग्निकांड में मरने वालों की संख्या 110 हो गई है। इस दुर्घटना में 380 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हमारे संवाददाता ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि कम से कम 60 शवों की पहचान कर ली गई है। केरल के मुख्यमंत्री उम्मन चांडी ने बताया है कि शवों का पोस्टमार्टम चल रहा है और जल्दी ही उन्हें परिजनों को सौंप दिया जायेगा।