एक महीने का सिंहस्थ कुंभ आज से उज्जैन में शुरू हो गया है। बारह वर्ष बाद हो रहे इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस बार किन्नरों का भी अलग अखाड़ा है और उज्जैन में उनके जुलूस का लोगों ने भव्य स्वागत किया है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि कुंभ का पहली शाही स्नान आज होगा ।
एक माह तक चलने वाले सिंहस्थ महाकुंभ के पहले दिन आज करीब 50 लाख श्रद्धालुओं के पहले शाही स्नान में हिस्सा लेने की उम्मीद है। पवित्र स्नान के लिए क्षिप्रा नदी के 10 किलोमीटर लम्बे बहाव पर त्रिवेणी से गौ घाट तक कई घाट बनाए गए हैं। उज्जैन के रामघाट को स्नान की दृष्टि से सबसे पवित्र माना गया है, जहां साधु संत शाही स्नान की डुबकियां लगा रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से घाटों पर बैरीकेटिंग की है और लोगों को अलग- अलग समूहों में स्नान करने की अनुमति दी जाएगी।