उज्जैन में सिंहस्थ कला उत्सव प्रारंभ

आस्था और अध्यात्म के समागम सिंहस्थ महाकुंभ में उज्जैन के मंगलनाथ क्षेत्र में सिंहस्थ कला उत्सव का शुभारंभ शुक्रवार की शाम को वैदिक ऋचाओं के सस्वर पाठ से हुआ। कालिदास मंच पर प्रथम प्रस्तुति के रूप में श्री अमितोश द्विवेदी ने ऋग्वेद की ऋचाओं का पाठ किया। उनके साथ आशीष तिवारी, आदर्श पाण्डे और प्रवेश पाण्डे ने भी समवेत स्वर दिया।

दूसरी प्रस्तुति पंडित कृष्ण राम चौधरी के शहनाई वादन की हुई। तबले पर श्री रामस्वरूप रतोरिया, सुर पेटी पर श्री पवन राय चौधरी और शहनाई पर श्री हेंमत राय चौधरी ने संगत की।

इसके बाद लयशाला ललित कला समिति, पुणे की कलाकार श्रीमती सविता गोडबोले ने कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी। कत्थक में शिव स्तुति, समुद्र-मंथन तथा गंगावतरण की प्रस्तुति दी गई। उत्सव का सिंहस्थ में आये श्रद्धालुओं ने पूरा आनंद लिया और कार्यक्रम की सराहना की।

उत्सव भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा मनाया जा रहा है। उत्सव सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान 22 अप्रैल से 21 मई तक चलेगा। कार्यक्रम मेला क्षेत्र में पाँच स्थान पर किये जा रहे हैं। इनमें देश के सभी राज्य से लोक नृत्य, गायन और वादन, श्रीकृष्ण, शिव और रामलीला आख्यान केन्द्रित नाटक, भक्ति संगीत और आध्यात्मिक फिल्म आदि का प्रदर्शन किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *