आंध्र प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गोदावरी नदी में जल स्तर बढ़ जाने से एक सौ से अधिक गांवों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। खम्मम जिले में भद्राचलम में खतरे का तीन नंबर का संकेत लगा दिया गया है क्योंकि कल शाम गोदावरी नदी में बाढ़ का पानी ५१ मीटर की ऊंचाई पार कर गया।खम्मम जिले में किसी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल-एनडीआरएफ की दो टीमें भेजी गई हैं। राहत कार्यों के लिए सेना और वायु सेना से भी मदद मांगी गई है। वर्षा से प्रभावित जिलों और विशेष रूप से उत्तरी तेलंगाना और तटीय क्षेत्रों के जिला कलेक्टरों से सतर्क रहने को कहा गया है क्योंकि मौसम विभाग ने अगले दो दिन में भारी वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है।