भाजपा के नेतृत्‍व में सरकार राष्‍ट्र को भ्रष्‍टाचार मुक्‍त बना रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि लड़खड़ाती वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था के बीच भारत अब भी आशा का केन्‍द्र है।  अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष और अन्‍य क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों ने इस बात की पुष्टि की है। चेन्‍नई में कल रात चुनावी सभा में श्री मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्‍व में केन्‍द्र सरकार देश को भ्रष्‍टाचार मुक्‍त मार्ग पर ले जा रही है।  प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के युवाओं से भ्रष्‍ट डीएमके और अन्‍ना डीएमके पार्टियों के विकल्‍प के तौर पर भाजपा पर विचार करने के लिए कहा ताकि राज्‍य में सुशासन स्‍थापित किया जा सके।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिल मछुआरों की सुरक्षा के प्रयासों, अफगान तालिबान से एक मिशनरी को बचाने और पिछले दिसम्बर में राज्य में बाढ़ आने पर तत्काल यहां आने और मदद भेजने जैसे अपने प्रयासों का जिक्र कर तमिलनाडु के लोगों के साथ भावात्मक रिश्ता जोड़ने की कोशिश की।

मैं देश का पहला प्रधानमंत्री था जो जाफना गया और जाफना जा करके मेरे प्रिय तमिल भाईयों के आँसू पोंछने का मैने काम किया। पचास हजार परिवारों को मकान देने का निर्णय किया। राजदारी सम्बन्धों के आधार पर कोशिश की फाँसी के तख्त पर से उन पाँचों मेरे मछुआरे तमिल भाईयों को वापिस लाने का मुझे सौभाग्य मिला।

इससे पहले होसूर में कई ऐसी योजनाओं का उल्लेख किया जिनमें लोगों के जीवन में बदलाव आया। इनमें गरीब से गरीब परिवारों के लिए बैंक सुविधा, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *