वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में आज सुबह लापता हुए तेन्दुए को वन विभाग ने 12 घन्टे की मशक्कत के बाद खोज निकाला। तेन्दुआ खाली पड़े रिनी एनक्लोजर में बाँस के झुरमुट के बीच बैठा मिला, जिसे चिकित्सकों ने सावधानी से निश्चेतन किया। तेन्दुए को पेन्थर एनक्लोजर में रखा गया है।
गश्ती दल द्वारा तेन्दुआ लापता होने की खबर लगते ही सुबह 8 बजे से 95 लोगों की सर्चिंग टीम सक्रिय हो गई थी। इस टीम में वन विहार के 50 और भोपाल वृत्त के 45 अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। तेन्दुए को मार्च में रेहटी के बनिया गाँव से रेस्क्यू कर लाया गया था। यह तेन्दुआ गाय का पीछा करते हुए कुएँ में गिर गया था।
कल से पूर्ववत् खुलेगा वन विहार
तेन्दुए के लापता होने के बाद आज पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से वन विहार राष्ट्रीय उद्यान बंद कर दिया गया था, जो बुधवार से पहले की तरह निर्धारित समय के अनुसार खुलेगा।