नदियों के संरक्षण के लिए युवाओं को आगे आना होगा

वेदरतन सेवा प्रकल्प की दीदी माँ साध्वी प्रज्ञा भारती ने कहा है कि मध्यप्रदेश में क्षिप्रा नदी को नर्मदा नदी से जोड़े जाने का कार्य सराहनीय है। साध्वी प्रज्ञा भारती ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नदियों के संरक्षण के लिए जन-भागीदारी से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि तालाबों और नदियों के संरक्षण के लिए युवाओं को आगे लाने की जरूरत है।

साध्वी प्रज्ञा भारती मंगलवार को उज्जैन के मंगलनाथ घाट पर क्षिप्रा महाआरती में शामिल श्रद्धालुओं को संबोधित कर रही थीं। साध्वी की उपस्थिति में क्षिप्रा नदी की सामूहिक आरती हुई।

साध्वी प्रज्ञा भारती ने कहा कि भारतीय संस्कृति परमात्मा की ही तरह प्रकृति के प्रति पूज्य भाव रखती है। इसका संरक्षण हमारा परम धर्म है। उन्होंने कहा कि जल-संरक्षण में जल के स्रोतों विशेषकर तालाबों, झीलों और नदियों को प्राथमिकता देनी होगी। साध्वी भारती ने कहा कि प्राचीन काल से नदियों को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए उनके घाटों पर सामूहिक आरती के आयोजन होते रहे हैं। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी नर्मदा और महानदी के घाटों पर सामूहिक आरती में अधिक से अधिक लोगों को शामिल किया जा रहा है। इस अभियान में उन्होंने नदी प्रहरी तैयार किए हैं। नदी प्रहरियों को नदी की सुरक्षा के लिए संकल्प दिलवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *