बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से तमिलनाडु और केरल में भारी वर्षा हो रही है। तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में आज तड़के से ही वर्षा हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। उपग्रह से मिली तस्वीरों के अनुसार श्रीलंका और दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का वृत्त उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ गया है।
राज्य में हुई बेमौसम बारिश प्रकृति की सौगात के रूप में देखी जा रही है, इससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। पिछले 24 घंटों में तिरूवरूर जिले के नन्नीलाम में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश हुई है। पहले मौसम विभाग के अधिकारियों का पूर्वानुमान था कि आज सुबह समुद्र तट पर कम दबाव रहेगा, हालांकि इसकी गति कम होकर अब यह समुद्र की ओर बढ़ गया है, जिससे तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में अधिक समय के लिए बारिश होने की संभावना बढ़ गई है।