नए साल के स्वागत में मौसम ने भी अपना रुख बदला है। समूचा प्रदेश सोमवार को घने कोहरे की आगोश में लिपट गया, वहीं सर्द हवाओं ने तापमान में गिरावट कर दी। प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सबसे कम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस मापा गया, वहीं महानगरों में ग्वालियर सबसे ठंडा शहर रहा।
सोमवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। अब तक के सर्दी के मौसम में यह सबसे घना कोहरा था। लिहाजा, सुबह दो घंटे तक शून्य दृश्यता रही। दो सिस्टम बन जाने के कारण बड़ी मात्रा में नमी आने से ऐसी स्थिति बनी। दिन में जोरदार ठंडक भी रही। अधिकतम तापमान एक ही दिन में 6 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। यह 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा।
पूरे प्रदेश में ही सोमवार से कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया। अधिकांश स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के चार महानगरों में सबसे ठंडा ग्वालियर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। जबलपुर का अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान छिंदवाड़ा में 7 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को चंबल, ग्वालियर, सागर और रीवा संभाग व भोपाल, शाजापुर, राजगढ़, शहडोल जिलों में कोहरा छाया रहेगा।