उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व को लेकर घमासान के बीच मध्यप्रदेश सपा अखिलेश यादव के साथ खड़ी हो गई। हालांकि उठापठक के चलते प्रदेश इकाई की प्रस्तावित बाइक रैली की तारीख तय नहीं हो सकी है।
मध्यप्रदेश समाजवादी पार्टी और अनुषांगिक संगठन युवजन सभा, लोहिया वाहिनी, यूथ बिग्रेड और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रमुख यूपी में पार्टी की हलचल पर नजरें जमाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष गौरीसिंह यादव सपा से अमर सिंह को निकाले जाने की बात कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वे उप्र के सीएम अखिलेश यादव के साथ हैं। यही राय अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष इस्तियाक नबी ने जाहिर की है। इधर युवजन सभा के अध्यक्ष दीपक शर्मा अपनी टीम सहित अखिलेश के समर्थन में हैं, तो लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिराज यादव भी अखिलेश यादव को अपना नेता मान रहे हैं। यूथ बिग्रेड के प्रदेश अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव का कहना है कि विधायकों द्वारा चुने गए ही नेता होते हैं।