कांग्रेस के विधानसभा घेराव हल्ला बोल आंदोलन में माहौल गरमाया

भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस के विधानसभा घेराव हल्ला बोल आंदोलन में जब दिग्विजय सिंह और अजय सिंह कार्यकर्ताओं के साथ मंच के सामने से विस की ओर बढ़े तो माहौल गरमा गया। उनके साथ कार्यकर्ताओं का हुजूम टकराव की मुद्रा में आया तो पुलिस ने भी डंडे फटकारे। इस बीच फेंके गए एक डंडे से एक पुलिस के जवान का सिर फूट गया।
दरअसल, भाषण के बाद दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए मंच से सीधे उतरने लगे तो लोगों ने उन्हें अपने हाथों पर उठा लिया। इसके बाद दिग्विजय सिंह और वरिष्ठ विधायक अजय सिंह के साथ हजारों कार्यकर्ता विस घेराव के लिए रोशनपुरा की ओर बढ़ी।
अपेक्स बैंक तिराहे पर बैरिकेट्स तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीसी शर्मा, योगेंद्र सिंह गुड्डू सहित कई कार्यकर्ता बैरिकेट्स पर चढ़ने लगे, तो पुलिस की उनसे झड़प हुई। यहां लाठी पटकने से भगदड़ हो गई। फिर दिग्विजय और अजय सिंह गिरफ्तारी देने बस के पास पहुंचे, लेकिन भीड़ के दबाव के चलते वे लौट आए और फिर से बैरिकेट्स पार करने की कोशिश करने लगे।
ये क्रम तीन बार चला, जिससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बनने की आशंका देख पुलिस ने तीसरी बार बस की ओर आए दिग्विजय और अजय सिंह को बस में बिठाया। नेताओं की गिरफ्तारी होते ही समर्थक भी बस और उसकी छत पर सवार हो गए।
उधर मंच के पीछे की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया गिरफ्तारी देने पहुंचे तो वहां काफी देर तक भगदड़ जैेसी स्थिति बनी रही। दोनों नेता बस की छत पर सवार हो गए तो भीड़ सीढ़ियों और खिड़कियों के सहारे ऊपर चढ़ने लगी तो सिंधिया ने उन लोगों को डपटते हुए नीचे उतरने को कहा। इसी बस में गिरफ्तारी देने वाले जयवर्द्धन सिंह लोगों से पूछते नजर आए कि पापा (दिग्विजय सिंह) कहां हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *