उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में 12 जिलों की 53 सीटों पर मतदान जारी

उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में गुरुवार को 12 जिलों की 53 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक 10.23 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
सुबह 10 बजे तक की बात करें तो इलाहाबाद में 9.60 प्रतिशत, बांदा में 10.58 प्रतिशत, चित्रकूट में 11.40 प्रतिशत, फतेपुर में 9.72 प्रतिशत, हमीरपुर में 10.50 प्रतिशत, जालौन में 8.67 प्रतिशत, झांसी में 9.98 प्रतिशत, कौशांबी में 11.80 प्रतिशत, ललितपुर में 11.50 प्रतिशत, महोबा में 13.50 प्रतिशत, प्रतापगढ़ में 9.75 प्रतिशत और रायबरेली में 10.23 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
मतदान शुरू होते ही महोबा में बसपा और सपा समर्थकों के बीच विवाद के बाद फायरिंग की खबर है जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं।
इलाहाबाद में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य वोट डालने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी का चुनाव चिन्ह लगा रखा था।
चौथे चरण में 1.84 करोड़ मतदाता चुनाव मैदान में उतरे 680 प्रत्याशियों के भाग्यविधाता की भूमिका निभाएंगे। चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में चौथे चरण वाले क्षेत्र में 60.2 फीसद मतदान हुआ था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बताया कि चौथे चरण में भयमुक्त और निष्पक्ष मतदान के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई हैं। इनके अलावा सुरक्षा ड्यूटी में राज्य का पुलिस बल व होमगार्ड भी लगाये गए हैं।
चौथे चरण में 12,492 मतदान केंद्रों के 19,487 पोलिंग बूथों पर वोट डाले जाएंगे। 2321 मतदान केंद्र और 3609 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील श्रेणी में चिह्नित किये गए हैं जिन पर सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों को खास चौकसी बरतने के निर्देश दिये गए हैं।
मतदान की दृष्टि से 1817 अति संवेदनशील मजरों को भी चिह्नित किया गया है। मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए निर्वाचन आयोग ने चौथे चरण में 1308 बूथों पर डिजिटल कैमरे, 991 बूथों पर वीडियो कैमरे लगवाने के साथ 2079 बूथों पर मतदान की वेबकास्टिंग की व्यवस्था की है।
निर्वाचन आयोग ने इलाहाबाद उत्तर, इलाहाबाद दक्षिण और झांसी नगर विधानसभा क्षेत्रों में 1,759 वीवीपैट (वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) मशीनों की व्यवस्था की है।
वीवीपैट मशीनों के जरिये इन विधानसभा क्षेत्रों के पोलिंग बूथों पर वोटर यह देख सकेंगे कि इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में उन्होंने जिस उम्मीदवार के नाम के सामने लगा बटन दबाया है, उनका वोट उसी प्रत्याशी को मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *