251 रुपए में मोबाइल फोन देने वाली कंपनी के एमडी समेत पांच लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट

251 रुपए में फ्रीडम मोबाइल फोन और 2999 रुपए में 4जी स्मार्टफोन देने का दावा करने वाली रिंगिंग बेल कंपनी के एमडी समेत पांच लोगों के खिलाफ मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर ने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। गुरुवार को पुलिस ने कंपनी के एमडी मोहित गोयल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था और अब खबर है कि सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रिंगिंग बेल कंपनी पर माल बेचने के नाम पर घटिया मोबाइल देने व लाखों रुपए की ठगी का आरोप लगाया गया है। नेहरूनगर स्थित आयाम इंटरप्राइजेज के मालिक अक्षय मल्होत्रा द्वारा नोएडा सेक्टर 63 स्थित रिंगिंग बेल कंपनी के एमडी मोहित गोयल, जीएम अनमोल गोयल, धारणा गर्ग, प्रेजिडेंट अशोक चड्ढा व सुमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अक्षय ने रिपोर्ट में लिखवाया है कि नवंबर माह में मोहित गोयल समेत अन्य आरोपी उनके ऑफिस में आए और कंपनी की सीएंडएफ व डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेने का प्रस्ताव रखा। उनके झांसे में आकर 25 दिसंबर को एग्रीमेंट पर साइन कर दिया।
इसके बाद अक्षय ने रिंगिंग बेल कंपनी के खातों में कई किस्तों में 30 लाख रुपए जमा कराए गए। आरोप है कि एग्रीमेंट होने के बाद कंपनी द्वारा 13 लाख रुपए का माल भेजा गया। यह माल खराब होने के कारण कंपनी को वापस भेज दिया गया। अक्षय का आरोप है कि बाकी कीमत का माल कंपनी द्वारा नहीं भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *