खन्ना के थाना मलौद के तहत आने वाले गांव जगेड़ा में शनिवार रात डेरा सच्चा सौदा सिरसा की नामचर्चा घर की कैंटीन में बैठे डेरा प्रेमियों पर कुछ लोगों ने गोलियां चला दीं। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों पिता-पुत्र थे। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए।
मृतकों में बेटे का नाम रमेश कुमार (35) और पिता का नाम सतपाल (65) है। वे अहमदगढ़ (संगरूर) के रहने वाले थे। दोनों लोग लंबे समय से डेरे के साथ जुड़े हुए थे और इनकी कपड़े की दुकान है। पिता-पुत्र रोज डेरे की कैंटीन में सेवा करने जाते थे। शनिवार रात आठ बजे अज्ञात लोग कैंटीन में आए और गोली मारकर फरार हो गए। वारदात के बाद मौके पर काफी संख्या में डेरा समर्थक इकट्ठा हो गए।
पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। नामचर्चा घर के आसपास आधा किलोमीटर के क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। एसएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। रविवार को होने वाली नाम चर्चा (सत्संग) के लिए दोनों कैंटीन पर सेवा में जुटे हुए थे, कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मार दी। बताया जाता है कि नामचर्चा घर में 7-8 फायर हुए हैं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी काफी देर बाद मिली। डीएसपी पायल ने कहा कि जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि डेरा सच्चा सौदा का मालवा क्षेत्र में काफी जनाधार है। विधानसभा चुनाव में भी शिअद-भाजपा प्रत्याशियों ने डेरे से समर्थन मांगा था। उसके बाद से डेरे और सिख संगठनों के बीच लगातार टकराव की घटनाएं हो रही हैं। इस वारदात के बाद क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।