हॉकी इंडिया ने मंगलवार को शुअर्ड मरेन को भारतीय महिला हॉकी टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। इसके अलावा एरिक वोनइंक को महिला हॉकी टीम का विश्लेषण कोच बनाया गया है।
नीदरलैंड्स की राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम के पूर्व कोच मरेन और वोनइंक का भारतीय टीम के साथ कार्यकाल चार साल तक रहेगा। यह कोचिंग जोड़ी पहले भारतीय टीम का कार्यक्रम देखेगी।
शुअर्ड पूर्व कोच नील हॉगुड का स्थान लेंगे जिनके मार्गदर्शन में टीम ने 36 साल बाद ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था, लेकिन वो खेलों के महाकुंभ में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। वे दोनों भोपाल में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में टीम के साथ जुड़ेंगे।
मरेन ने कहा, “मैं इस जिम्मेदारी को पाने के बाद से बहुत खुश हूं। मैं भारतीय महिला हॉकी टीम को देखता आ रहा हूं। वो बहुत ही मेहनती और प्रतिभाशाली टीम है। मुझे भरोसा है कि वो विश्व में खुद को मजबूत टीम के रूप में स्थापित करने का माद्दा रखती है।”
मरेन की कोचिंग में ही नीदरलैंड्स की अंडर-21 महिला टीम ने विश्व कप खिताब जीता था, जबकि राष्ट्रीय टीम ने 2015 हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। शुअर्ड 2011-2014 तक नीदरलैंड्स की अंडर-21 पुरुष टीम के कोच भी रह चुके हैं।