अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पीएम मोदी निकले रोड शो के लिए

यूपी में छठे चरण का मतदान जारी है वहीं दूसरी तरफ अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ताकत दिखाने के लिए पीएम मोदी रोड शो के लिए निकल चुके हैं। इस रोड शो में पीएम विभिन्न रास्तों से होकर गुजर रहे हैं।
चाक चौबंद सुरक्षा के बीच पीएम एक खुली गाड़ी में निकलें है और हजारों की संख्या में लोग इस रोड शो को देखने के लिए उमड़ पड़े हैं। लोग पीएम को देखकर इतने उत्साहित हैं कि कोई नारे लगा रहा है तो कोई सेल्फी लेने में व्यस्त है। इसस पहले पीएम बीएचयू पहुंचे और पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इससे पहले दिल्‍ली से वाराणसी पहुंचने पर एयरपोर्ट में भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने उनका स्वागत किया।
सोमवार तक वाराणसी मोदीमय रहेगा। बीएचयू में मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण के बाद उनका रोड शो रविदास गेट लंका, अस्सी, भदैनी, सोनारपुरा, मदनपुरा, गोदौलिया, बांसफाटक होते हुए ज्ञानवापी तक जाएगा।
दोपहर में पीएम मोदी विश्वनाथ मंदिर में पूजन करेंगे। बाबा विश्वनाथ और काल भैरव का दर्शन पूजन करने के बाद वह जौनपुर जाएंगे। वहां चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद वापस आएंगे और टाउनहाल में सभा को संबोधित करेंगे। पहले वह जौनपुर से लौटकर दर्शन-पूजन और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सभा करने वाले थे।
विद्यापीठ में दूसरे दिन पांच मार्च को सभा को संबोधित करेंगे। इस प्रकार प्रधानमंत्री का पूरा कार्यक्रम बदल जाने से रास्ते में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व राहुल गांधी के रोड शो से सामना होने की पूरी संभावना समाप्त हो गई है। प्रधानमंत्री पांच को आने पर यहां रुकेंगे और छह को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री एक बजे विश्वनाथ मंदिर से काल भैरव के लिए प्रस्थान करेंगे। वह कालभैरव मंदिर में पूजा करने के बाद वापस बीएचयू हेलीपैड आएंगे। बीएचयू हेलीपैड से जौनपुर के लिए प्रस्थान। दिन में करीब तीन बजे जौनपुर में सभा होगी।
शाम को साढ़े चार बजे बीएचयू हेलीपैड पर आने के बाद बीएचयू गेस्टहाउस पहुंचेंगे। इसके बाद गेस्टहाउस से सड़क मार्ग से साढ़े पांच बजे टाउनहाल मैदान में सभा करेंगे। टाउनहाल से सड़क मार्ग से बाबतपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। जहां से देर शाम 7:30 बजे बाबतपुर से दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *