अत्याधुनिक कारें बनाने के लिए दुनियाभर में मशहूर टेस्ला कंपनी के सीईओ एलन मस्क को पांचवीं कक्षा की एक छात्रा ने मार्केटिंग का सुझाव दे दिया। ब्रिया नामक इस बच्ची ने एक पत्र लिखकर मस्क से यह पूछा कि आखिर वह अपनी कंपनी का विज्ञापन क्यों नहीं करते।
इसी पर ब्रिया ने मस्क को “होममेड विज्ञापन” बनाने का सुझाव दे दिया। बच्ची के पत्र से खुश मस्क ने ट्वीट कर बच्ची को धन्यवाद दिया और तुरंत उसका आइडिया अपनाने की घोषणा कर दी।
ब्रिया के पिता ने एलन मस्क को यह पत्र ट्वीट किया था और बताया था कि स्कूल प्रोजेक्ट के तहत ब्रिया ने उन्हें यह पत्र लिखा है। सोशल मीडिया पर ब्रिया का पत्र और सीईओ का ट्वीट तुरंत वायरल हो गया।
डियर एलन मस्क, मेरा नाम ब्रिया है और मैं पांचवीं कक्षा की छात्रा हूं। मैं आपकी कंपनी के लिए सुझाव देना चाहती हूं। मैंने देखा है कि आप विज्ञापन नहीं करते। मगर, बहुत से लोग टेस्ला के लिए होममेड विज्ञापन बनाते हैं। यह पेशेवर भी दिखते हैं और मनोरंजक भी होते हैं।
आपको ऐसी एक प्रतियोगिता शुरू करनी चाहिए। इसमें सबसे अच्छा विज्ञापन बनाने वाले को विजेता घोषित किया जाना चाहिए और उसका प्रसारण भी होना चाहिए। आप कई आकर्षक उपहार भी दे सकते हैं। मैं बड़ी होकर नेता बनना चाहती हूं।
मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि सरकार पर्यावरण सुरक्षित रखें और टेस्ला के वाहनों को जगह मिल सके। मेरे पिता आपको ये लेटर ट्वीट भी करेंगे। इससे ये आपके पास आसानी से पहुंच जाएगा। मुझे आपके जवाब का इंतजार रहेगा, क्योंकि मुझे वह अपने टीचर्स और दोस्तों के साथ साझा करना है।
इसके बाद एलन मस्क ने भी बच्ची को ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि इस प्यार भरे पत्र के लिए धन्यवाद। तुम्हारा आइडिया बहुत अच्छा है। हम इसे जरूर लागू करेंगे।