पीएम मोदी के शनिवार को वाराणसी में हुए मेगा शो पर कांग्रेस ने आपत्ति ली है और चुनाव आयोग से शिकायत भी की है। वहीं भाजपा ने इस बात से इन्कार किया है कि पीएम ने वाराणसी में रोड शो किया था।
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि कल रोड शो था ही नहीं, पीएम तो काशी विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन करने के लिए गए थे, रास्ते में जनसैलाब जुड़ता गया।
गोयल ने अनुमति को लेकर कहा कि अनुमति तो कल भी थी। दर्शन के लिए पूरे रोड की अनुमति थी। कल के उत्साह को देखते हुए आज का रोड शो निर्धारित किया गया है।
बता दें कि पीएम के रोड शो के दौरान ही कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने इसकी अनुमति नहीं ली थी और यह आचार संहिता का उल्लंघन है। कांग्रेस ने पूरे मामले में कार्रवाई की मांग भी की है।