दिल्ली में मौजूद इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट सुरक्षा के मामले में डलास, हीथ्रो, पेरिस और दुबई एयरपोर्ट से भी बेहतर है। एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी के द्वारा कराए गए सर्वे में यह बात निकलकर सामने आई है। साल 2016 में कराए गए सर्वे में दिल्ली एयरपोर्ट को दूसरा नंबर मिला था।
दिल्ली एयरपोर्ट साल 2015 में नंबर वन पर था। इस कैटेगरी में 25-40 मिलियन पैसेंजर्स शामिल किए गए थे। एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल के द्वारा यह रैंक जारी की गई थी।
ओपी सिंह (डायरेक्टर जनरल, सेंट्रल इंडस्ट्रीयल सिक्युरिटी फोर्स) ने कहा, ‘चार मानकों जिनमें सुरक्षाकर्मियों का मदद का जज्बा, जांच का दायरा, यात्रियों में सुरक्षा और सुरक्षित रहने का भाव शामिल है। इनमें दिल्ली एयरपोर्ट को छह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के मुकाबले ज्यादा अंक मिले हैं।’
आपको बता दें कि देशभर के एयरपोर्ट्स पर सीआईएसएफ सुरक्षा मुहैया कराती है। जो सुरक्षा पैटर्न आईजीआईए फॉलो करता है, उसी का अनुसरण बाकी एयरपोर्ट्स भी करते हैं।
हर साल इस तरह का सर्वे 84 देशों में 41 भाषाओं में 6 लाख व्यक्तियों के बीच आयोजित किया जाता है। पैसेंजर के चेक-इन, सिक्युरिटी स्क्रीनिंग, रेस्टरुम्स, स्टोर्स, रेस्त्रां के दौरान हुए अनुभवों को इसमें शामिल किया जाता है। प्रत्येक एयरपोर्ट इस तरह का सर्वे आयोजित करके एक डाटाबेस तैयार करता है।
प्रभाकारा राव (सीईओ, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट) ने कहा, ‘एएसक्यू की रेटिंग एक बेहतर अवसर है। इसके बूते हम हमारी सुविधाओं में और भी बेहतर बदलाव कर सकेंगे। एसीआई के द्वारा ग्लोबल लेवल पर मिली नंबर 2 रैंक को लेकर हम उत्साहित हैं। हमारा फोकस हमेशा इस बात पर रहा है कि हर बार कस्टमर को नया अनुभव हो।’