उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में 40 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक 24 फीसद मतदान की सूचना है।
वाराणसी में भी मतदान शुरू हो चुका है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और जहां सभी दलों ने अपना पूरा दमखम लगाया है। वाराणसी में 9 बजे तक 11.97 प्रतिशत वोटिंग हुई है। वहीं, चंदौली में 8, सोनभद्र में 11, भदोही में 10, जौनपुर में 10.87, मीरजापर में 10.99 फीसद मतदान हुआ।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में बुधवार को वाराणसी और मीरजापुर मंडलों के सात जिलों की 40 सीटों पर मतदान होगा। ये सात जिलें हैं- वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही। नक्सल प्रभावित सोनभद्र की राबर्ट्सगंज व दुद्धी और चंदौली की चकिया सीट पर सुबह सात से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे।
बाकी 37 सीटों पर सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। अंतिम चरण में 1.41 करोड़ मतदाता चुनाव मैदान में उतरे 535 प्रत्याशियों की तकदीर का फैसला करेंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में सातवें चरण वाले क्षेत्र में 57.92 फीसद मतदान हुआ था।